यातायात माह शुरू, डीएम-एसएसपी ने जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी
इटावा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान अधिकारियों, पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को यातायात नियमों की शपथ दिलाई गई। डीएम-एसएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा है। दोपहिया पर हेलमेट, चारपहिया पर सीट बेल्ट, गति सीमा का पालन, मोबाइल और नशे से परहेज जरूरी है। नवंबर भर दोहरी रणनीति चलेगी - स्कूल-कॉलेजों, चौराहों, बस स्टैंड पर जागरूकता अभियान और नियम तोड़ने वालों पर विशेष चेकिंग व कार्रवाई। ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही पीएम राहत योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को 7 दिन तक 1.5 लाख तक कैशलेस इलाज और राह-वीर योजना में मददगार को 25 हजार प्रोत्साहन राशि की जानकारी दी गई।