उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस रिफिल सब्सिडी के चेक वितरित जिले में 2.54 लाख लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी, शेष को प्रक्रिया पूरी होने पर मिलेगा लाभ
फतेहपुर। दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का मंगलवार को विकास भवन सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और सीडीओ पवन कुमार मीना मौजूद रहे। जिले में उज्ज्वला योजना के कुल 2,86,735 लाभार्थियों में से 2,54,282 की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। ई-केवाईसी कराने वाले पात्र लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ दिया गया है, जबकि शेष को प्रक्रिया पूरी होने पर लाभ मिलेगा। इस दौरान अधिकारियों और भाजपा जिलाध्यक्ष ने लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों की महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति मिली है। सरकार महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही गरीब परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार पुष्कर, गैस एजेंसियों के पदाधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे।