विधायक रत्नाकर मिश्र ने शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मीरजापुर । नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र ने आज वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी निर्वाचन के तहत नगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। विधायक ने विकास खंड चील्ह, विकास खंड छानबे, तहसील परिसर एवं घंटाघर स्थित मतदान केंद्रों पर पहुँचकर चल रही मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक मिश्र ने मतदान करने आए सम्मानित मतदाताओं एवं बूथ पर तैनात समर्पित कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि "लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं का उत्साह, उनकी सक्रिय सहभागिता और कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम हमारी लोकतांत्रिक परंपराओं को सशक्त बनाने की प्रेरणा है।" उन्होंने मतदान प्रक्रिया को सफल बनाने में जुटे सभी सम्मानित मतदाताओं, कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं चुनाव ड्यूटी में लगे संबंधित कार्मिकों के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।