विकास ने जीता गोल्ड, वंशराज ने हासिल किया कांस्य
चिलकाना। हरियाणा के बहादुरगढ़ में माध्यमिक शिक्षा विभाग, हरियाणा के तत्वावधान में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गांव पटनी निवासी विकास सैनी और गांव दासा माजरा निवासी वंशराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। बहादुरगढ़ स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में विकास सैनी ने 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि वंशराज ने 400 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ी सुल्तानपुर स्थित नव जनोदय इंटर कॉलेज में कक्षा 11 के छात्र हैं। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव नितिन शर्मा ने विकास सैनी को स्वर्ण पदक, प्रमाणपत्र और ट्रॉफी तथा वंशराज को कांस्य पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। दोनों खिलाड़ियों के कॉलेज पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया और कॉलेज प्रबंधन ने भी उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला एथलेटिक संघ के सचिव अशोक कुमार गुप्ता व मुस्तकीम अंसारी, प्रधानाचार्य श्याम कुमार सैनी, शिक्षक सुनील सैनी, अनिल कुमार और बिजेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।