दशहरा मेले का भव्य शुभारंभ, कैंसर जाँच मशीनों के लिए जुटाई जाएगी राशि
झाँसी। रोटरी क्लब ऑफ झाँसी रानी एवं रोटरी क्लब एलीट के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को राजा गंगाधर राव कला मंच स्थित मुक्ताकाशी मंच पर दो दिवसीय दशहरा मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मेले में 47 से अधिक स्टॉल, गेमिंग जोन, फूड स्टॉल और आकर्षक लकी ड्रॉ लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
मेले का प्रमुख उद्देश्य मनोरंजन के साथ समाजसेवा को बढ़ावा देना है। दोनों क्लबों ने मेले से प्राप्त आय के माध्यम से 30 लाख रुपये से अधिक की लागत की कैंसर जाँच मशीनें मेडिकल कॉलेज झाँसी को समर्पित करने का संकल्प लिया है। इन मशीनों से स्तन कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर की जाँच सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। वहीं, लकी ड्रॉ में मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रिक स्कूटर, फ्रिज, टीवी और कूलर सहित आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। इससे प्राप्त राशि से कैंसर पीड़ितों की सहायता का लक्ष्य भी रखा गया है।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने दोनों क्लबों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक आयोजनों से प्राप्त संसाधनों का उपयोग जनकल्याण के कार्यों में करना प्रशंसनीय है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं।
रोटरी क्लब ऑफ झाँसी रानी के अध्यक्ष अतुल अग्रवाल ने बताया कि 31 वर्षों से चली आ रही दशहरा मेले की परंपरा को पुनः भव्य स्वरूप में शुरू किया गया है। इस वर्ष रोटरी क्लब एलीट भी आयोजन में सहभागी बना है। उन्होंने शहरवासियों से 25 अक्टूबर की रात तक चलने वाले मेले में सपरिवार पहुँचकर आयोजन का आनंद लेने और सामाजिक उद्देश्य में सहयोग करने की अपील की।
शुभारंभ अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ झाँसी रानी के सचिव संजीव बब्बर, रोटरी क्लब एलीट के अध्यक्ष पवित्र खन्ना, सचिव निमिष खन्ना, मेला चेयरमैन रोहित मार्टा सहित दोनों क्लबों के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।