रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और पत्थरबाजी रोकने को जीआरपी ने चलाया जागरूकता अभियान
झाँसी। रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी की घटनाओं की रोकथाम एवं रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जीआरपी अनुभाग झाँसी के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा विभिन्न गाँवों में संयुक्त जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन किया गया। इन गोष्ठियों में जीआरपी, आरपीएफ एवं सिविल पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ के आदेशानुसार, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे झाँसी के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे झाँसी के निकट पर्यवेक्षण में आयोजित इन गोष्ठियों में रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले संभ्रांत नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं को शामिल किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी करना गंभीर अपराध है। ऐसी घटनाओं से रेल यात्रियों की जान-माल को खतरा होने के साथ बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।
इस दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि वे रेलवे ट्रैक के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखते हैं अथवा किसी को पत्थरबाजी करते हुए पाते हैं तो तत्काल इसकी सूचना रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, जीआरपी हेल्पलाइन नंबर 1512 या यूपी-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।