परिषदीय विद्यालयों में अधूरे कार्य जल्द पूरे कराने के निर्देश
फतेहपुर। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में अधूरे कार्य जल्द पूरे कराने, मानक के अनुसार बालिका शौचालयों का निर्माण और जर्जर भवनों का ध्वस्तीकरण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने के साथ मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालयों के निर्माण में तेजी लाने को कहा। निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत आकलन कराने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया। साथ ही कक्षा पांच व आठ पास विद्यार्थियों के अगले कक्षा में नामांकन तथा अपार आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।