मान्यता प्राप्त पत्रकारों को कैशलेस इलाज की सुविधा हेतु आयुष्मान पोर्टल होगा शुरू एक सप्ताह में पत्रकारों और उनके आश्रितों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश
मुजफ्फरनगर। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के अंतर्गत मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल की गई है।सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विकसित पोर्टल को शुरू करने की सहमति प्रदान की है।सूचना निदेशालय के सभागार में मंगलवार को सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में पोर्टल संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।इसमें स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण किया।इस दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन,सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया का लाइव डेमो देकर जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में मुख्यालय और प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।सूचना निदेशक ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है ताकि मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ जल्द मिल सके।उन्होंने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं उनका विवरण सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड किया जाए।इसकी सूचना मुख्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए जिससे आगे की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जा सके।उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कार्यक्रम में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह,सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती,डा० जितेन्द्र प्रताप सिंह,अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।