लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़ा जनसैलाब 11 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा आयोजन, पटेल चौक पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
झांसी । भारत रत्न एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को बलदेव भाई पटेल जूनियर हाई स्कूल, झांसी के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, समाज के गणमान्य नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) रमा आर.पी. निरंजन रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपना दल (एस) के राष्ट्रीय सचिव कालका प्रसाद पटेल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिवशंकर पटेल पूर्व प्रत्याशी स्नातक एम एल सी झांसी इलाहाबाद खंड एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अंजना जितेंद्र पटेल उपस्थित रहीं।
शोभायात्रा बलदेव भाई पटेल जूनियर हाई स्कूल परिसर से हुआ। विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा पटेल चौक पहुंची, जहां मुख्य अतिथि, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथियों सहित उपस्थित लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सरदार पटेल के अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व एवं देश की 565 रियासतों के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी सूझबूझ, कुशल नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका जीवन राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है।
उल्लेखनीय है कि बलदेव भाई पटेल जूनियर हाई स्कूल द्वारा लगातार 11 वर्षों से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। विद्यालय का उद्देश्य नई पीढ़ी को सरदार पटेल के विचारों, आदर्शों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के संदेश से जोड़ना है।
कार्यक्रम के समापन पर दोपहर एक बजे से प्रीतिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।