खूंटा पुल निर्माण के लिए 22.93 करोड़ रुपये मंजूर
फतेहपुर। बिंदकी तहसील क्षेत्र के खूंटा गांव से गढ़ी संपर्क मार्ग पर रिंद नदी में पुल निर्माण के लिए 22 करोड़ 93 लाख 85 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। बिंदकी विधायक एवं पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह जैकी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पुल निर्माण की मांग लंबे समय से क्षेत्र के लोग कर रहे थे। विधायक ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुल बनने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों और विद्यार्थियों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे।