जनगणना-2027 की तैयारियां तेज,प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर जनपद के तहसील एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गम्भीर सिंह ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।जिला जनगणना अधिकारी ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण गंभीरता से प्राप्त करने तथा जनगणना संबंधी प्रक्रियाओं और दायित्वों की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है इसलिए आंकड़ों का संकलन सटीक और त्रुटिरहित होना चाहिए।प्रशिक्षण के लिए तहसील सदर,खतौली,बुढ़ाना और जानसठ के साथ नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर,खतौली तथा विभिन्न नगर पंचायतों में केंद्र बनाए गए हैं।गम्भीर सिंह ने अधिकारियों को प्रशिक्षण केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, कार्मिकों की नियमित उपस्थिति और प्रशिक्षण की निगरानी के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।