जिला निर्वाचन अधिकारी ने की राजनैतिक दलों के साथ बैठक मतदेय स्थलों पर 1200 मतदाताओं के मानक पर समायोजन, दलों ने जताई संतुष्टि
सहारनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय सभागार में मतदेय स्थलों के युक्तियुक्तकरण और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर राजनैतिक दलों के साथ बैठक हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मतदेय स्थल पर अधिकतम 1200 मतदाताओं की संख्या निर्धारित की गई है। मतदाताओं को 2 किमी से अधिक दूरी न तय करनी पड़े और सभी बूथ भूतल पर हों, इसका ध्यान रखा गया है। प्रस्तावित परिवर्तन और समायोजन पर सभी राजनैतिक दलों ने सहमति प्रकट की।
उन्होंने सभी दलों से अपील की कि कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाए, 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं का फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें। 1 जनवरी 2027 के अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। विशेष रूप से 18-19 आयु वर्ग, महिलाओं, दिव्यांगजनों और कमजोर वर्गों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित है, जिसका अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, सपा से अब्दुल गफूर, भाजपा से योग चुग, विपिन चौधरी सहित अन्य दल प्रतिनिधि मौजूद रहे।