जिला कारागार में बंदियों की समस्याएं सुन डीएलएसए सचिव डा० सत्येंद्र चौधरी ने विधिक सहायता के दिए निर्देश
मुजफ्फरनगर।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डा० सत्येंद्र कुमार चौधरी ने शुक्रवार को जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों की जानकारी दी।उन्होंने बंदियों की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।निरीक्षण के दौरान पाकशाला,अस्पताल,पुरुष बैरक,महिला बैरक और बाल बैरक का जायजा लिया गया।दोष सिद्ध बंदियों को बताया गया कि वे अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।उच्च न्यायालय में अपील दाखिल करने में कानूनी परेशानी होने पर जेल अधीक्षक के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को आवेदन देने की सलाह दी गई।जेल अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि ई-जेल लोक अदालत और जेल लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किए जा सकने वाले मामलों के बंदियों की सूची प्राधिकरण को भेजें ताकि मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके।जिन बंदियों की जमानत याचिकाएं अधीनस्थ न्यायालय से मंजूर हो चुकी हैं उन्हें भी विधिक सहायता उपलब्ध कराई गई।इसके बाद डा० चौधरी ने राजकीय जिला चिकित्सालय स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया।उन्होंने कर्मचारियों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।इस दौरान एक नवंबर 2026 को राजकीय औद्योगिक एवं तकनीकी संस्थान (आईटीआई), सूजडू चुंगी मुजफ्फरनगर में आयोजित होने वाले वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के संबंध में भी जागरूक किया गया।