एशियाई खेलों में दो रजत पदक जीतने वाली प्रीति पाल का सम्मान हाशिमपुरा पहुंचकर जिला खेल विभाग ने किया सम्मानित,लॉस एंजेलिस ओलंपिक में पदक जीतने की दी शुभकामनाएं
मुजफ्फरनगर।अंतर्राष्ट्रीय खेल मंच पर मुजफ्फरनगर का नाम रोशन करने वाली अर्जुन अवार्डी एवं ओलंपिक पदक विजेता एथलीट प्रीति पाल को जापान में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।जापान से अपने गृह जनपद लौटने पर जिला प्रशासन एवं जिला खेल विभाग की ओर से उनके गांव हाशिमपुरा पहुंचकर सम्मान किया गया।जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने प्रीति पाल को पटका पहनाकर,प्रतीक चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।प्रीति पाल ने एशियाई खेलों में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ स्पर्धाओं में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।इस अवसर पर उप क्रीड़ा अधिकारी पूनम बिश्नोई सहित चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम के प्रशिक्षक मनीष कुमार,प्रदीप कुमार,सुशील कुमार,रेणु कुमारी,भावना और राकेश कुमार ने प्रीति पाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।साथ ही वर्ष 2028 में लॉस एंजेलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं।प्रीति पाल की उपलब्धियों को जनपद के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए खेल विभाग ने उनके आगामी खेल सफर के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की।