एक सप्ताह में आयुष्मान कार्ड से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश, जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए राज्य स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा विकसित पोर्टल के संचालन को सूचना निदेशक विशाल सिंह ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों को पात्र पत्रकारों के आवेदन, सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत विकसित पोर्टल की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई। संचालन की सहमति मिलने के बाद राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल के उपयोग और आवेदन प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। मुख्यालय तथा प्रदेश के जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन और आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने का प्रशिक्षण दिया गया।
सूचना निदेशक ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके आश्रितों को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूरी कर संबंधित विवरण पोर्टल पर दर्ज किया जाए। इसकी सूचना मुख्यालय को भी तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पात्र लाभार्थियों के मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित सूचना विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।