चिलकाना में बिजली आपूर्ति सुधारने की तैयारी, नया फीडर स्थापित होने से मिलेगी राहत पिलखनी से चिलकाना बिजलीघर तक नई लाइन बिछाने का काम अंतिम चरण में, कस्बे में बनेंगे चार नए फीडर
चिलकाना। कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विद्युत विभाग ने कवायद तेज कर दी है। चिलकाना बिजलीघर में नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही पिलखनी बिजलीघर से चिलकाना तक नई विद्युत लाइन बिछाने का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। नई व्यवस्था शुरू होने से फाल्ट के कारण होने वाली बिजली कटौती से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। उपखंड अधिकारी पीसी सागर ने बताया कि चिलकाना बिजलीघर से नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। वर्तमान में बिजली की लाइन में किसी एक स्थान पर फाल्ट होने से पूरे क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए शासन की ओर से चिलकाना बिजलीघर में नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराया जा रहा है, जिसका निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। वहीं, पिलखनी बिजलीघर से नई लाइन बिछाने का कार्य भी अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि नया उपकेंद्र चालू होने के बाद चिलकाना बिजलीघर को दो मुख्य लाइनों से विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। इनमें एक लाइन पिलखनी बिजलीघर से आएगी, जबकि दूसरी लाइन सोराना बिजलीघर से जुड़ी रहेगी। इसके अलावा कस्बे में चार नए फीडर भी स्थापित किए जा रहे हैं। नई व्यवस्था लागू होने से अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को स्वतंत्र रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। इससे किसी एक क्षेत्र में तकनीकी खराबी आने पर पूरे कस्बे और ग्रामीण इलाकों की बिजली बंद होने की समस्या कम होने की उम्मीद है।