आज सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा मतदाता पंजीकरण कैम्प
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार, 24 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। कैम्प में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 उपलब्ध कराएंगे।
प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां पंजीकरण प्रक्रिया में सहायता मिलेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को कैम्प का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और डुगडुगी बजवाकर लोगों को जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैम्प के दौरान बूथों की निगरानी की जाएगी और निर्धारित समय से पहले बूथ बंद करने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जांचें और नाम न होने पर पात्रता के अनुसार पंजीकरण कराएं।