आचार्य रामचंद्र शुक्ल की 142वीं जयंती 26 को, तैयारी पूरी
मीरजापुर। हिंदी जगत के मूर्धन्य विद्वान साहित्य मनीषी आचार्य रामचंद्र शुक्ल की 142वीं जयंती समारोह इस वर्ष शरद पूर्णिमा 26 अक्टूबर सोमवार को मनाई जाएगी। आचार्य रामचंद्र शुक्ल स्मारक शिक्षण संस्थान की ओर से आयोजित मुख्य समारोह दोपहर 2 बजे से रमईपट्टी, देहात कोतवाली रोड स्थित संस्थान के सभागार में होगा। इसकी जानकारी संस्थान के प्रबंधक राकेश चंद्र शुक्ल ने दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे बरौंधा कचार स्थित पार्क में आचार्य शुक्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी। मुख्य समारोह में आलोचना के क्षेत्र में विशेष कार्य के लिए आचार्य राम चंद्र शुक्ल सम्मान-2026 वाराणसी की नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल को प्रदान किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र होंगे। विशिष्ट अतिथि नगर विधायक रत्नाकर मिश्र और नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरआरपीजी कॉलेज अमेठी के पूर्व एसो. प्रो. हिंदी विभाग डॉ. अनुज प्रताप सिंह करेंगे।
समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार वृजदेव पाण्डेय, भोलानाथ कुशवाहा, विंध्यवासिनी महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी, समाजसेवी डॉ. सच्चिदानंद पाठक, वरिष्ठ साहित्यकार शिव प्रसाद द्विवेदी, प्रतिमा शर्मा, मुहीब मीरजापुरी और डॉ. अनुराधा ओस बतौर आमंत्रित वक्ता विचार रखेंगे। संचालन साहित्यकार आनंद अमित करेंगे।