युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर दर्ज मुकदमे के खिलाफ कांग्रेसियों ने एएसपी को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग
सिद्धार्थनगर: जिला कांग्रेस कमेटी और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद के नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज चतुर्वेदी और उनके परिजनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने तथा कथित पुलिसिया दुर्व्यवहार व एकपक्षीय कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि गत 20 अक्टूबर को बढ़नी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सत्ता पक्ष के दबाव और राजनीतिक द्वेष के चलते पुलिस ने युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष व उनके परिजनों के साथ अमानवीय व्यवहार किया। नेताओं का कहना है कि बिना किसी निष्पक्ष जांच के दुर्भावनावश निर्दोष लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एकपक्षीय कार्रवाई की गई है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, राजनीतिक दबाव में हुई कार्रवाई की समीक्षा हो, निर्दोषों के नाम मुकदमे से हटाए जाएं और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रशासन से कार्यकर्ताओं को राजनीतिक द्वेष व उत्पीड़न से संरक्षण देने की अपील की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान अभिनय राय, कृष्ण बहादुर सिंह, हेमन्त चौधरी, राजन श्रीवास्तव, अनिल सिंह अन्नू, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, शाहिद प्रधान, अश्विनी सिंह सोलंकी, अभिलाष दूबे, मोबीन खान, नन्द किशोर शुक्ल, शाहिद महबूब, राजेश सिंह, सुदामा प्रसाद, ओमप्रकाश दूबे, डॉ. प्रमोद कुमार, शौकत अली, सूर्य प्रकाश चौधरी, संतोष चौधरी और कृष्ण बिहारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस व युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।