यातायात माह शुरू,ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को नियमों की जानकारी दी बिना फिटनेस,बीमा और लाइसेंस के वाहन चलाने पर रोक,निर्धारित रूट पर ही ई-रिक्शा संचालन के निर्देश
डा० एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर।नवंबर माह को विशेष यातायात माह के रूप में मनाए जाने के तहत रविवार को यातायात माह का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण में शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर ई-रिक्शा व ऑटो चालकों को एकत्र कर यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
सीओ यातायात सुभाष चंद और प्रभारी यातायात राकेश कुमार के नेतृत्व में चालकों को निर्धारित रूट पर ही ई-रिक्शा चलाने के निर्देश दिए गए।उन्हें बिना फिटनेस,बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने तथा नाबालिगों को ई-रिक्शा संचालन नहीं सौंपने की हिदायत दी गई।चालकों से सवारियों के साथ शालीन व्यवहार करने और चौराहों व तिराहों से पर्याप्त दूरी पर वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने को कहा गया,ताकि यातायात बाधित न हो।पुलिस अधिकारियों ने यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की अपील की।