वोट बचाओ-देश बचाओ रैली के सोनभद्र प्रभारी बने नफीसुल रिजवी
मीरजापुर । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष व पूर्व विधायक सोहेल अख्तर अंसारी ने मीरजापुर निवासी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व प्रदेश सचिव एडवोकेट सैयद नफीसुल मुज्तबा रिजवी को सोनभद्र क्षेत्र का प्रभारी बनाया है।
नफीसुल मुज्तबा रिजवी एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली को सफल बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
प्रभारी बनाए जाने के बाद रिजवी ने सोनभद्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने जनता से सीधे संपर्क कर दिल्ली रैली में चलने का आह्वान किया।
नफीसुल रिजवी ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में देश की दूसरी आजादी की लड़ाई लड़ रही है। भाजपा सरकार गरीबों, मजदूरों, छात्रों व बेसहारों का वोट छीनकर उन्हें उनके अधिकारों से वंचित कर रही है। भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर भ्रष्ट भाजपा सरकार को उखाड़ फेंके, जिससे आपका भविष्य, आपके अधिकार और आपका वोट सुरक्षित रहे।