उदय श्याम इंटर कॉलेज में पाक्सो अधिनियम, बाल संरक्षण एवं यौन उत्पीड़न को लेकर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित
कौशाम्बी। गांधी जयंती पखवाड़ा पर बृहस्पतिवार को सिराथू कस्बे में स्थित उदय श्याम इंटर कॉलेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कौशाम्बी द्वारा पाक्सो अधिनियम, बाल संरक्षण एवं यौन उत्पीड़न की रोकथाम को लेकर विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद एवं सत्र न्यायधीश पीठासीन अधिकारी मीना श्रीवास्तव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जनपद न्यायालय प्रिया सिंह एवं डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसलिंग अख्तर अहमद उपस्थित रहे। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मीना श्रीवास्तव ने पाक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों को गुड टच एवं बैड टच, यौन उत्पीड़न तथा उससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही उन्होंने बताया कि माता पिता एवं गुरुजन ही सबसे बड़े हितैषी होते है हमे उनकी बातो को मानना चाहिए। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रिया सिंह ने बच्चों को किसी भी असहज अथवा संदिग्ध स्थिति में बिना डर के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पाक्सो अधिनियम के विषय में प्रिया सिंह ने बाल संरक्षण एवं बच्चों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। विशिष्ट अतिथि अख्तर अहमद ने भी बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्राओं ने अपने गीत व नाटक के माध्यम से बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार के यौन उत्पीड़न या शोषण की स्थिति में बिना भय के तत्काल सहायता लेने का संदेश दिया । इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा 2026 में विद्यालय के टॉपर छात्रों को अतिथियों द्वारा शील्ड देकर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर रमेश चंद्र व प्रबंधक उमेश केसरवानी, प्रधानाचार्य उमेश श्रीवास्तव, लिटिल फ्लावर कान्वेंट स्कूल की प्रिंसिपल एकता सिंह ने अतिथियों को बुके व स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन सोनू कुमार, अनूप कुमार व राहुल ने किया।