धाता नगर पंचायत में एक दर्जन से अधिक तालाबों की नीलामी, साढ़े सात लाख की लगी बोली
धाता फतेहपुर। नगर पंचायत धाता के सभागार में सोमवार को मत्स्य पालन के लिए एक दर्जन से अधिक तालाबों की नीलामी कराई गई। इसमें विभिन्न तालाबों के लिए करीब साढ़े सात लाख रुपये की बोली लगी। सबसे अधिक बोली सोकाहे तालाब के लिए 86 हजार रुपये की लगी, जिसके आधार पर बिक्रम सिंह को पट्टा आवंटित किया गया।
नीलामी में सोकाहे तालाब की शुरुआती बोली 40 हजार रुपये रखी गई थी। बोली लगाने वालों के बीच प्रतिस्पर्धा के चलते इसकी कीमत 86 हजार रुपये तक पहुंच गई। नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज की अध्यक्षता में हुई नीलामी प्रक्रिया में नायब तहसीलदार नितिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिशासी अधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि कुछ तालाबों की नीलामी अभी शेष है। इसके लिए अगली तिथि निर्धारित कर प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।