दवाइयों की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, छह लाख की शराब सहित तस्कर गिरफ्तार
औरैया। अजीतमल कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने दवाइयों की आड़ में शराब तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 80 पेटी अंग्रेजी शराब, 83 पैकेट दवाइयां और डाक पार्सल लिखा लोडर बरामद हुआ। बरामद शराब की कीमत करीब 6 लाख और लोडर की 15 लाख बताई गई है। एएसपी आलोक मिश्रा ने बताया कि रविवार रात अनंतराम टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि एक लोडर में दवाइयों की आड़ में शराब ले जाई जा रही है। एनएच-19 पर भटा रोड के पास घेराबंदी कर लोडर को रोका गया। आरोपी की पहचान रामकुमार निवासी महादेव पूर्वा, थाना इंदरगढ़, कन्नौज के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह चंडीगढ़ से सस्ती शराब खरीदकर बिहार में महंगे दाम पर बेचता था। शक से बचने के लिए लोडर पर डाक पार्सल लिखवाया था। वह पहले भी बिहार के मोतिहारी और मुजफ्फरपुर में जेल जा चुका है। थाना अजीतमल में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।