दिसंबर माह से शुरू होगी‘नेकी की दीवार’ निःशुल्क वस्त्र बैंक, जरूरतमंदों को मिलेगी ठंड से राहत विचित्र पहल सेवा समिति ने की तैयारी,दानदाताओं से साफ-सुथरे अनुपयोगी ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराने की अपील
औरैया। सर्दी के मौसम में खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने वाले बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से विचित्र पहल सेवा समिति ने एक बार फिर ‘नेकी की दीवार’ नामक निःशुल्क वस्त्र बैंक शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। दिसंबर माह से शुरू होने वाले इस वस्त्र बैंक के संचालन को लेकर समिति की आवश्यक बैठक अटल आश्रय गृह में आयोजित की गई। समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में ब्लॉक गेट के समीप स्थित अटल आश्रय गृह में बैठक संपन्न हुई। इसमें गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जरूरतमंद लोगों को सर्दी से बचाव के लिए निःशुल्क ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराने पर सर्वसम्मति से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने वस्त्र बैंक भवन का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि संस्था पिछले पांच वर्षों से अटल आश्रय गृह में प्रतिवर्ष निःशुल्क वस्त्र बैंक का संचालन कर रही है। सर्द ऋतु की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए शीघ्र ही वस्त्र बैंक का शुभारंभ कर विधिवत संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समाज में तमाम ऐसे लोग हैं, जिनके पास ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त कपड़े नहीं हैं, वहीं बहुत से परिवारों के घरों में ऐसे अनुपयोगी वस्त्र रखे हैं, जिनका वे इस्तेमाल नहीं करते। ऐसे में दानदाताओं के सहयोग से जरूरतमंदों तक गर्म कपड़े पहुंचाकर उन्हें सर्दी से राहत दी जा सकती है। समिति ने दयावान लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों में रखे साफ-सुथरे अनुपयोगी वस्त्र, विशेषकर ऊनी कपड़े, प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक अटल आश्रय गृह, औरैया में पहुंचाएं, ताकि वस्त्रों का पर्याप्त संग्रह होने के बाद निःशुल्क वस्त्र बैंक का संचालन शुरू किया जा सके। बैठक में डॉ. शिव कुमार सोनी, बैंक से सेवानिवृत्त शेखर गुप्ता, तेज बहादुर वर्मा, राम आसरे गुप्ता, कुलदीप बाजपेई, समाजसेवी एलएन गुप्ता, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरू), संतराम, समिति अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) एवं संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
-------------------