दीपावली पर मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा शिकंजा: 8 नमूने सील, 200 किलो दूषित सामग्री नष्ट कर कारखाना कराया बंद
सिद्धार्थनगर: आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में अंतर जनपदीय विशेष छापेमारी अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के निर्देश पर गठित राज्य सचल दल ने नौगढ़, बांसी, डुमरियागंज और कोडरा ग्रांट क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर कुल 08 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे, जिससे मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान सचल दल ने परसा शाह आलम, भीमापार (नौगढ़) स्थित 'पंथ कुंज स्वीट्स' से पनीर और खोया का 1-1 नमूना लिया। वहीं पुरानी नौगढ़ स्थित 'बंगाली स्वीट्स' की निर्माण इकाई से खोया और बूंदी दाना के नमूने एकत्र किए गए। बैदौला (डुमरियागंज) स्थित 'गोकुल स्वीट्स' की निर्माण इकाई से खोया व छेना मिठाई का नमूना, जबकि बांसी रोडवेज स्थित 'केशव कुंज स्वीट्स' की इकाई से खोया का नमूना संग्रहित किया गया। छापेमारी के दौरान कोडरा ग्रांट स्थित सुनील कुमार की मिठाई विनिर्माण इकाई में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। यहां से बेसन पापड़ी का नमूना लेने के साथ ही मौके पर मौजूद 150 किलोग्राम दूषित व बदबूदार बेसन पापड़ी और 50 किलोग्राम खराब मूंगफली दाना को नियमानुसार नष्ट करा दिया गया। साथ ही नियमों की अनदेखी पर इस मिठाई विनिर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, संग्रहित सभी 08 नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला प्रेषित किया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, विनिर्माण इकाइयों में मानकों की अनदेखी करने वाले सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को नोटिस भी थमाए गए हैं।