सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक सीताराम यादव को दी गई भावभीनी विदाई
कोहंडौर, प्रतापगढ़। कोहंडौर थाने में तैनात उपनिरीक्षक सीताराम यादव के अधिवर्षता आयु पूरी कर सेवानिवृत्त होने पर बुधवार को थाना परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि किशन सोनी, प्रधान प्रतिनिधि विशाल सिंह सहित अन्य लोगों ने सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। पुलिसकर्मियों एवं उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर उनके सेवाकाल को याद किया। थाना प्रभारी अनुपम त्रिपाठी ने सीताराम यादव के पुलिस विभाग में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का पड़ाव है, जबकि इसके बाद जीवन में नई जिम्मेदारियों और अनुभवों के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों और क्षेत्रीय लोगों ने सीताराम यादव के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए और उनके सरल व्यवहार एवं सेवाभाव की सराहना की। समारोह में महेन्द्र पांडेय, सत्य विजय सिंह, सिद्धांत तिवारी, संतोष दुबे, आदर्श पाल, संतोष यादव समेत थाना कोहंडौर का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।