साथियों की हत्या पर बिफरे लालगंज के वकील, किया विरोध प्रदर्शन
प्रतापगढ़। जालौन जिले के काल्पी बार एसोसिएसन के मौजूदा अध्यक्ष गयादीन अहीरवार तथा कुण्डा तहसील के अधिवक्ता मासूम अली की हत्या की घटनाओं को लेकर सोमवार को यहां वकीलों ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं आम सभा कर न्यायिक कामकाज के बहिष्कार का प्रस्ताव पारित किया। संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी तथा रूरल बार एसोसिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम विधेयक की भी पुरजोर मांग उठाई। वकीलों ने कहा कि काल्पी बार एसोसिएसन के अध्यक्ष गयादीन का अपहरण कर उनकी बर्बर हत्या की गयी। वहीं कुण्डा के अधिवक्ता मासूम अली की भी हत्या चिंताजनक है। ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में अधिवक्ताओं की लगातार हत्या होने के बावजूद प्रदेश सरकार अधिवक्ताओं की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं है। अनिल तिवारी महेश ने कहा कि अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम कानून को टालने की कोशिश जारी रही तो अधिवक्ता प्रदेशव्यापी संघर्ष शुरू करेंगे। अधिवक्ताओं ने इन घटनाओं के विरोध में तहसील परिसर में भी घूम घूम कर पुलिस प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद नेशनल हाइवे से लगे गेट पर भी वकीलों की घंटो नारेबाजी जारी दिखी। आम सभा का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष अबरार अहमद तथा संयोजन उपाध्यक्ष नामवर सिंह व महामंत्री शिवरंजन यादव ने किया। आमसभा में उदयपुर थाना के अधिवक्ता जितेन्द्र कनौजिया के साथ उत्पीड़क घटना पर भी प्रशासनिक कार्रवाई की मांग उठाई गई। आम सभा को पूर्व अध्यक्ष संदीप सिंह, विकास मिश्र, गुडडू शुक्ला, शैलेन्द्र मिश्र, प्रमोद तिवारी, सचिन पाण्डेय, संतोष तिवारी, घनश्याम सरोज, गीता सिंह, मोहित जायसवाल, लाल विनोद प्रताप सिंह, हरिश्चंद्र पाण्डेय, शेष तिवारी, शैलेन्द्र शुक्ला, राहुल मिश्र, अनूप पाण्डेय, सोनू शुक्ला, भीम तिवारी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।