सरदार पटेल जयंती पर मिनी मैराथन का भव्य आयोजन, 235 धावकों ने लगाई दौड़ आजमगढ़ के विक्की राजवर ने मारी बाजी, विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित
झाँसी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को नगरा-हाट मैदान, झाँसी में मिनी मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। कनफेडरेशन ऑफ एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस मार्टियर्स वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एवं इंडिया पुलिस मेडल से सम्मानित दिलीप सिंह सेंगर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 235 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
मिनी मैराथन का शुभारंभ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयेंद्र सिंह राणा एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तथा सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमांडेंट सत्येंद्र सिंह तोमर ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर एशियाड खेलों के विजेता एवं असिस्टेंट कमांडेंट होशियार सिंह (टेकनपुर), भूपेंद्र सिंह सेंगर, फिजिकल ट्रेनर एवं सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर देव रावत, एथलीट कोच नूरुद्दीन खान, जिला अस्पताल के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गोकुल प्रसाद, डॉ. प्रदीप यादव, डॉ. दुष्यंत सिंह, जयदीप सिंह राजावत, धीरेंद्र सिंह सेंगर एवं रविंद्र बाजपेई मास्टर सहित अनेक गणमान्य नागरिक और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में धावकों ने पूरे जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य दौड़ में आजमगढ़ के विक्की राजवर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। मुरादाबाद के राजवीर द्वितीय तथा अमरदीप पाल तृतीय स्थान पर रहे। विजेता धावकों को क्रमशः 5 हजार, 3 हजार एवं 2 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा चौथे से नौवें स्थान तक रहने वाले छह प्रतिभागियों को एक-एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। प्रतियोगिता में प्रथम 30 स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को टी-शर्ट प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। वहीं बालक जूनियर वर्ग के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
वरिष्ठ नागरिक वर्ग में वेदराम ने प्रथम, चेतराम ने द्वितीय तथा देशराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह साबित किया कि खेल, स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती नीतू साहू एवं डॉ. आदित्य साहू ने किया। आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी जयंती पर आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।
वक्ताओं ने कहा कि मिनी मैराथन जैसे आयोजन युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करने के साथ ही स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही समाज में अनुशासन, आपसी सद्भाव, सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं। आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों को फिटनेस और खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।