सहारनपुर में जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय ई-कवच प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न
सहारनपुर। जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता वृद्धि हेतु ई-कवच डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम (Training of Trainers – ToT) का आयोजन होटल सरोवर पोर्टिको, सहारनपुर में यूपी-टीएसयू के सहयोग एवं तकनीकी मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. लोकेश चंद्र गुप्ता, अपर निदेशक (चिकित्सा स्वास्थ्य) द्वारा की गई। कार्यक्रम में डॉ. डी.के. सिंह एवं डॉ. कुमुद, संयुक्त निदेशक सहित मंडलीय, जनपदीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर निदेशक महोदय ने ई-कवच डिजिटल प्लेटफॉर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित आंकड़ों का रियल टाइम संकलन, प्रभावी अनुश्रवण, सेवा प्रदायगी में सुधार तथा साक्ष्य आधारित निर्णय लेने में सहायता मिलेगी। प्रशिक्षण के दौरान मंडलीय परियोजना प्रबंधक रंजीत द्वारा कार्यक्रम के क्रियान्वयन एवं संचालन संबंधी पहलुओं पर जानकारी दी गई। मंडलीय एम एंड ई विनोद कुमार द्वारा ई-कवच प्लेटफॉर्म की तकनीकी कार्यप्रणाली, विभिन्न मॉड्यूल, डाटा प्रविष्टि एवं रिपोर्टिंग की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त पारुल एवं यूपी-टीएसयू के प्रतिनिधि श्री देवेंद्र द्वारा तकनीकी सहयोग एवं प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया गया। प्रशिक्षण में ई-कवच के सभी प्रमुख मॉड्यूल एवं कार्यात्मक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही डाटा की शुद्धता, समयबद्ध प्रविष्टि, रियल टाइम रिपोर्टिंग एवं नियमित अनुश्रवण के महत्व पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई तथा विभिन्न विषयों पर चर्चा एवं व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से ई-कवच प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग की जानकारी प्राप्त की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मंडल, जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर डिजिटल दक्षता को सुदृढ़ करना तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु अपर निदेशक महोदय, दोनों संयुक्त निदेशकों, यूपी-टीएसयू की टीम तथा समस्त मंडलीय, जनपदीय एवं ब्लॉक स्तरीय प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।