राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने में सरदार पटेल का योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा : महापौर
झांसी। लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर महापौर बिहारी लाल आर्य एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मनमोहन गेड़ा ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर महापौर बिहारी लाल आर्य ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में अतुलनीय योगदान रहा है। देश की रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति निष्ठा सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।
भाजपा वरिष्ठ नेता मनमोहन गेड़ा ने कहा कि सरदार पटेल का दृढ़ संकल्प, अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति एवं दूरदर्शी नेतृत्व हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और मजबूत भारत के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस दौरान पार्षद सुशीला दुबे, लखनलाल कुशवाहा, अमित राय, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष किशोरी लाल रायकवार एवं डॉ. वी.वी. आर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को शत-शत नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।