पांच दिन में खुलासा, मोबाइल, 2900 रुपये और बाइक बरामद
फतेहपुर। कोतवाली पुलिस ने महिला से मोबाइल छिनैती की घटना का पांच दिन में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मोबाइल छीनने वाले दो युवक और चोरी का मोबाइल खरीदने वाला दुकानदार शामिल है। पुलिस ने एक वीवो मोबाइल, 2900 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को काके दी हट्टी रेस्टोरेंट के सामने बाइक सवार दो युवकों ने महिला का मोबाइल छीन लिया था। मोबाइल कवर में 800 रुपये भी रखे थे। रविवार को मुखबिर की सूचना पर वृद्धाश्रम तिराहे के पास से अंजुल यादव उर्फ मटोले और अभिषेक यादव उर्फ सेठी यादव निवासी भोलापुर तथा नीलेश साहू निवासी भिटौरा, थाना हुसैनगंज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि अंजुल बाइक चला रहा था और अभिषेक ने मोबाइल छीना था। दोनों ने मोबाइल कवर में मिले रुपये आपस में बांट लिए और मोबाइल 2500 रुपये में दुकानदार नीलेश साहू को बेच दिया। पुलिस के मुताबिक, नीलेश ने मोबाइल फॉर्मेट कर दिया था। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।