नवोदय विद्यालय में धूमधाम से मना पुरातन छात्रों का रजत जयंती समागम बैच 2001 के पूर्व छात्रों ने 25 वर्ष पूर्ण होने पर संभाली कार्यक्रम की कमान, शिक्षकों और अतिथियों का किया सम्मान
झांसी। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बरुआसागर में नवोदय परिवार की ओर से नवोदय समागम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2001 बैच के पुरातन छात्रों ने विद्यालय में अपने 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रजनीश कुमार (कार्यकारी अभियंता) एवं विद्यालय के प्राचार्य वीएस कुशवाहा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं छात्राओं की मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों से हुई। वर्ष 2001 बैच के पुरातन छात्रों ने कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। रामस्वरूप कुशवाहा एवं भगत सिंह ने प्रेरक संबोधन के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सफलता का महत्व समझाया। वहीं सत्येन्द्र वर्मा एवं सरस्वती आर्य ने अपनी सुरीली आवाज से गीतों की प्रस्तुति देकर सभी का मनोरंजन किया।
इस दौरान पूर्व में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को कक्षावार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया। स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को कलम भेंटकर उसकी ताकत और जीवन मूल्यों का महत्व समझाया गया।
समारोह में सभी अतिथियों एवं शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पुरातन छात्रों ने शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया। बैच 2001 के सदस्यों ने अपने वरिष्ठ पुरातन छात्र-छात्राओं से मंच के माध्यम से आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस अवसर पर पूर्व एवं वर्तमान शिक्षकों का सानिध्य पाकर पुरातन छात्र भावुक और उत्साहित नजर आए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजू प्रजापति, अरविंद कुमार, रमेश चंद्र, गनेश प्रसाद, सुषमा राजपूत, तपस्या सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन विनय पस्तोर एवं सत्यप्रकाश ने किया। समारोह ने पुरातन और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता, आपसी जुड़ाव तथा नवोदय परिवार की एकता को और मजबूत किया।