मानकों को ताक पर रखकर चल रहे डिजिटल लाइब्रेरी सेंटर, जांच की मांग
मीरजापुर (अमरेश चंद्र पाण्डेय)। विकासखंड पहाड़ी के पड़री बाजार समेत क्षेत्र के दर्जनभर स्थानों पर मानकों और नियमों को ताक पर रखकर डिजिटल लाइब्रेरी सेंटरों का संचालन किए जाने का क्षेत्रीय लोगो का आरोप है। इन सेंटरों में पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं से भारी-भरकम फीस वसूली जा रही है, जबकि आवश्यक सुविधाओं का अभाव बताया जा रहा है। इसे लेकर क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित विभाग से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि अधिकांश डिजिटल लाइब्रेरी सेंटरों में विद्युत कनेक्शन, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था,ग्राम पंचायत से सहमति और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके साथ ही कई सेंटरों की मान्यता और संचालन से संबंधित नियमों के पालन पर भी संदेह जताया जा रहा है। ऐसे में इन लाइब्रेरी सेंटरों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं, यह जांच का विषय है।
लोगों का कहना है कि डिजिटल लाइब्रेरी संचालक विद्यार्थियों से नियमित रूप से फीस ले रहे हैं, लेकिन शिक्षा और सुविधाओं के नाम पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जा रही है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि पड़री बाजार समेत विकासखंड पहाड़ी के विभिन्न स्थानों पर संचालित डिजिटल लाइब्रेरी सेंटरों की जांच कराई जाए। जांच के दौरान मान्यता, विद्युत कनेक्शन, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था,ग्राम पंचायत का सहमति, और अन्य आवश्यक मानकों की पड़ताल की जाए। अनियमितता मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा हो सके।