लता मंगेशकर के सदाबहार गीतों से सजी ‘मेरी आवाज ही पहचान है’ की संगीतमय शाम झांसी कल्चरल सोसायटी के सदस्यों ने सुरों के माध्यम से स्वर कोकिला को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, उल्लास के साथ मनाया गया सदस्यों का जन्मदिन
झांसी। स्वर कोकिला स्वर्गीय लता मंगेशकर की स्मृति में झांसी कल्चरल सोसायटी के तत्वावधान में ‘मेरी आवाज ही पहचान है’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पतंजलि योग कक्ष में आयोजित इस संगीतमय कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने लता मंगेशकर के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संस्था के संस्थापक एवं संरक्षक रविकांत दुबे के निर्देशन, योग गुरु श्याम बुधोलिया के सानिध्य तथा संस्थापक अध्यक्ष कुमार विपिन अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में संगीत, सुर और भावनाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने लता मंगेशकर के लोकप्रिय गीतों को अपनी आवाज में प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अमित उपाध्याय ने ‘तू जहां-जहां चलेगा’, संजीव अग्रवाल ने ‘उनसे मिली नजर’, ब्रजेंद्र श्रीवास्तव ने ‘तेरा-मेरा प्यार अमर’, अजय सिसोदिया ने ‘जिस पथ पर चला’, राधा मोहन शांडिल्य ने ‘आ जाने जां’ तथा जितेंद्र कुमार पाल ने ‘ये शमा, शमा है प्यार का’ गीत प्रस्तुत किया।
इसी क्रम में राकेश मेहरोत्रा ने ‘तूने ओ रंगीले कैसा जादू किया’, प्रभात सविता ने ‘लिखने वाले ने लिख डाली’, सुनील कुमार ने ‘सोलह बरस की बाली उमर’, दिनेश यादव ने ‘एक तू न मिला’, जितेंद्र जोशी ने ‘मेरे ख्वाबों में जो आए’, पवन श्रीवास्तव ने ‘बिंदिया चमकेगी’ तथा बंटी वशिष्ठ ने ‘बाहों में चले आओ’ गीत सुनाकर खूब सराहना बटोरी।
अभय अग्रवाल ने ‘आपकी नजरों ने समझा’, मुकेश गोयल ने ‘लग जा गले’, विपिन अग्रवाल ने ‘ज्योत से ज्योत जलाते चलो’, रविकांत दुबे ने ‘मिलती है जिंदगी में मोहब्बत कभी-कभी’ तथा प्रकाश लिखधारी ने ‘जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं’ गीत प्रस्तुत किया। वहीं आकाश लाक्षाकार ने ‘जा रे जा ओ हरजाई’, श्रीमती रंजना झा ने ‘ये दिल और उनकी निगाहों के साये’, श्रीमती अंजू वर्मा ने ‘शीशा हो या दिल’, सीपी श्रीवास्तव ने ‘मैं तो तुम संग नैन मिलाके’ और दिलीप सेन ने ‘जिंदगी प्यार का गीत है’ गीत के माध्यम से संगीत प्रेमियों का मन मोह लिया। गीतों की प्रस्तुतियों के दौरान लता मंगेशकर के सुरों और उनके सदाबहार संगीत की यादें ताजा हो उठीं।
कार्यक्रम में आमंत्रित सदस्यों के रूप में निलय जैन, श्रीमती ऊषा सेन और श्रीमती अनीता सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजन में ब्रजेंद्र श्रीवास्तव, प्रभात सविता, पवन श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार पाल, राकेश मेहरोत्रा, राकेश पांचाल, अनिल मौर्य और पवन झा ने विशेष सहयोग प्रदान किया। अजय सिसोदिया ने प्रभावी मंच संचालन कर कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं रोचक बनाए रखा।
कार्यक्रम के मध्य संस्था के संरक्षक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, सदस्य दिनेश यादव, आनंद सोनी और संजीव अग्रवाल का जन्मदिन भी उल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव दीपक वशिष्ठ ने सभी सम्मानित सदस्यों और आमंत्रित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।