लालपुरा जैन मंदिर में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया मुनि विशल्यसागर महाराज का दीक्षा दिवस विधायक सरिता भदौरिया ने किया चित्र अनावरण, श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना
इटावा। शहर के लालपुरा स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सराक केसरी संबुद्ध श्रमण मुनि श्री 108 विशल्यसागर महाराज का दीक्षा दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। स्वर्णिम वर्षायोग श्री दिगंबर जैन साधु सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन और मुनिश्री का पूजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
विधायक सरिता भदौरिया, जैन समाज अध्यक्ष संजू जैन ठेकेदार, सुबोध जैन चन्नी और कमेटी के पदाधिकारियों ने आचार्य श्री 108 विराग सागर महाराज के चित्र का अनावरण कर दीप प्रज्वलित किया। मुनिश्री के चरण प्रक्षालन का सौभाग्य बाहर से आए बारसोई बिहार परिवार को तथा शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य वर्षायोग समिति के पदाधिकारियों को प्राप्त हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भक्ति नृत्य के साथ मुनिश्री का पूजन किया।
प्रवचनों में दिया धर्म और आत्मकल्याण का संदेशमुनि श्री विशल्यसागर महाराज ने अपने प्रवचन में धर्म, संयम और आत्मकल्याण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने जीवन में सदाचार और आत्मशुद्धि अपनाने का संदेश दिया।इस अवसर पर वर्षायोग समिति के अध्यक्ष संजू जैन, महामंत्री बंटी जैन बनारस और कोषाध्यक्ष रीतेश जैन ने विधायक सरिता भदौरिया को पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वारसोई बिहार, दिल्ली और पोरसा सहित विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु पहुंचे। स्वर्णिम वर्षायोग श्री दिगंबर जैन साधु सेवा समिति के पदाधिकारी विवेक जैन, दिलीप जैन, विशाल जैन मेडिकल,शुभम जैन और मोहित जैन सहित महिला मंडल तथा सुंदर सागर लोकसभा के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को लेकर जैन समाज में उत्साह का माहौल रहा।