लोहिया कला भवन में मेगा विधिक शिविर, पात्रों को बांटे गए उपकरण व प्रमाणपत्र
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार रविवार को मुख्यालय स्थित लोहिया कला भवन में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। जनपद एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव तृतीय की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में समाज के कमजोर व वंचित वर्गों को विधिक जानकारियां देने के साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य निर्बल वर्ग, दिव्यांग बच्चों, महिलाओं, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के लोगों को त्वरित न्याय व विधिक सहायता उपलब्ध कराना है। साथ ही शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना इस मेगा शिविर का प्रमुख लक्ष्य है।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के सहयोग से दिव्यांगजनों को कान की मशीन, ट्राइसाइकिल और दिव्यांग पेंशन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से ओ-लेवल कंप्यूटर कोर्स के सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र सौंपे गए। इसके अलावा नौगढ़, बांसी व इटवा तहसील के लाभार्थियों को घरौनी प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत सांकेतिक चेक और समाज कल्याण विभाग के वृद्धावस्था पेंशन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर में स्टेट बैंक की ऋण योजनाओं के प्रमाणपत्र, शोहरतगढ़ तहसील के बाढ़ पीड़ितों को राहत प्रमाणपत्र, डूडा विभाग की ओर से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना व पीएम आवास योजना (शहरी) के लाभ, तथा मत्स्य विभाग की मत्स्य संपदा योजना, निषाद राज बोट योजना और मोपेड विथ आइस बॉक्स योजना के तहत उपकरण व प्रमाणपत्र बांटे गए।इस अवसर पर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अरविन्द राय, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश अखिलेश पाण्डेय, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद रफी, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) त्रिभुवन नाथ, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत बीरेन्द्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभव कटियार, प्राधिकरण के सचिव शैलेन्द्र नाथ, बार एसोसिएशन अध्यक्ष दिव्य प्रकाश शुक्ल सहित भारी संख्या में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और लाभार्थी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार रविवार को मुख्यालय स्थित लोहिया कला भवन में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। जनपद एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव तृतीय की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में समाज के कमजोर व वंचित वर्गों को विधिक जानकारियां देने के साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।