कोतवाली पुलिस ने अवैध असलहा तस्करी का किया खुलासा,मेरठ के तीन शातिर अवैध शस्त्र तस्कर गिरफ्तार दो तमंचे,एक पिस्टल,तीन मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद; हथियार सप्लाई करने वाले सितारा की तलाश
डा० एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर।कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए मेरठ निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, एक पिस्टल .32 बोर मय मैगजीन,तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार गुरुवार रात्रि को सूचना मिली थी कि कुछ लोग न्याजुपुरा से चरथावल रोड पर काली नदी पुल के पास अवैध हथियार बेचने के लिए मौजूद हैं।सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद पुत्र रहीमुद्दीन निवासी आजाद नगर, मौहम्मद अहमद पुत्र रहीसुद्दीन निवासी तहसील टाउन,सर्वोदय स्कूल के पीछे तथा समीर पुत्र जान मौहम्मद निवासी कमरा नवा,बान कालोनी,थाना सरधना,मेरठ के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सितारा पुत्र तरीकत निवासी मैनापुट्ठी,थाना सरूरपुर, मेरठ से तीन-चार हजार रुपये में तमंचे खरीदकर छह-सात हजार रुपये में बेचते थे।वहीं पिस्टल 30 से 35 हजार रुपये में खरीदकर 45 से 60 हजार रुपये तक में बेचते थे। हथियारों की बिक्री से मिलने वाला मुनाफा आपस में बांट लेते थे।आरोपी बरामद हथियारों को बेचने के लिए ही मुजफ्फरनगर आए थे। मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पहचान छिपाने के लिए हटाई गई थी।एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन,एसपी सिटी अमृत जैन के पर्यवेक्षण तथा एएसपी एवं सीओ नगर सिद्धार्थ के मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कोतवाली नगर बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 484/2026 धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हथियार सप्लाई करने वाले वांछित आरोपी सितारा की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।पुलिस गिरोह के आगे और पीछे के संपर्कों की भी जांच कर रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह,उपनिरीक्षक गोविंद चौधरी,अभिमन्यु सिंह तथा कांस्टेबल मनीष,वेदराम,हर्ष कुमार,अमित कुमार और रवि शामिल रहे।