कुसुंभी, छिछनी और सातों में 130 मरीजों की जांच, किशोरियों को लगाया गया एचपीवी टीका
फतेहपुर। हसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुसुंभी, छिछनी और सातों में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। तीनों केंद्रों पर कुल 130 मरीजों का उपचार किया गया। इन मेलों से ग्रामीणों को गांव के पास ही स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं और इलाज के लिए शहर या कस्बे जाने की जरूरत कम हो रही है।
सीएचसी हसवा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुपम सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें गर्भवती महिलाओं, बीपी, शुगर, हाइपरटेंशन, टीबी और त्वचा रोग से पीड़ित मरीजों की जांच व उपचार किया जाता है। साथ ही मलेरिया, टाइफाइड, सिफलिस, एचआईवी, शुगर और टीबी सहित विभिन्न जांचों की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। मेले में किशोरियों को एचपीवी का टीका भी लगाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुसुंभी में 45, छिछनी में 30 और सातों में 55 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान चिकित्सक, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन और एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।