जिला चिकित्सालय में इमरजेंसी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं मरीजों को तत्काल उपचार देने के निर्देश सीएमओ ने किया जिला चिकित्सालय में इमरजेंसी एवं पोषण पुनर्वास केंद्र का औचक निरीक्षण
डा० एम ए तोमर मुजफ्फरनगर।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० सुनील तेवतिया ने शनिवार को जिला चिकित्सालय स्थित इमरजेंसी और पोषण पुनर्वास केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डा० शिखर गौतम को मरीजों के उपचार में तत्परता बरतने और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।सीएमओ ने कहा कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल और समुचित उपचार मिलना चाहिए।चिकित्सक अपनी सीट पर बैठने के बजाय मरीजों के पास जाकर उनकी स्थिति का आकलन करें और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करें।मरीजों को केवल अन्य कर्मचारियों के भरोसे न छोड़ें।उन्होंने इमरजेंसी के बाहर स्ट्रेचर की उपलब्धता हर समय बनाए रखने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने इमरजेंसी में भर्ती बच्ची और उसके परिजनों से बातचीत कर उपचार की जानकारी ली।उन्होंने अन्य मरीजों से भी मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में पूछा।इसके बाद उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।संबंधित कर्मचारियों को बच्चों के पोषण,देखभाल और उपचार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।सीएमओ ने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। सभी चिकित्सक और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।