इंजेक्शन लगने के बाद 7 वर्षीय मासूम तनु की मौत, परिजनों ने किया इकदिल थाने का घेराव रितौर में डॉक्टर रिशु दुबे पर लापरवाही का आरोप, परिजनों ने की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
इकदिल, इटावा। थाना इकदिल क्षेत्र के ग्राम रामनगर बुआपुर में सात वर्षीय मासूम तनु की इंजेक्शन लगने के बाद मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने कथित झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इकदिल थाने का घेराव किया और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के अनुसार, मासूम तनु को हल्का बुखार था। अखिलेश ने बताया कि बच्ची को उपचार के लिए रितौर स्थित डॉक्टर रिशु दुबे की दुकान पर ले जाया गया था। आरोप है कि वहां इंजेक्शन लगाए जाने के तुरंत बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से आक्रोशित परिजन बच्ची को लेकर थाना इकदिल पहुंचे और थाने का घेराव करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई। परिजनों ने डॉक्टर रिशु दुबे पर गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मासूम की मौत के बाद अब पुलिस जांच और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर सवाल टिके हैं। हालांकि, इंजेक्शन लगाए जाने और बच्ची की मौत के बीच संबंध तथा कथित चिकित्सकीय लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।