हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने पर आरोपी गिरफ्तार
फतेहपुर। सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद ललौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को टीम ने वाहिदपुर चौराहे के आगे स्थित 999 ईंट भट्ठे के पास से मंगल पटेल (30) निवासी हरिरामपुर, थाना ललौली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 32 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में थाना ललौली में मुकदमा संख्या 299/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 से 2025 के बीच मारपीट, धमकी, अन्य आपराधिक मामलों और गुंडा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में बहुआ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित तिवारी, आरक्षी नितिन यादव और विकास यादव शामिल रहे।