ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं के निस्तारण की मांग, मुख्य विकास अधिकारी को भेजा स्मरण-पत्र
झाँसी। जनपद में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर ग्राम रोजगार सेवक संघ ने मुख्य विकास अधिकारी को स्मरण-पत्र भेजकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष जीतन सिंह ने 2 नवंबर को भेजे गए पत्र में बताया कि संगठन की ओर से पूर्व में पत्रांक 39/2026 दिनांक 15 जून एवं पत्रांक 43/2026 दिनांक 17 जून 2026 के माध्यम से ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन महत्वपूर्ण मुद्दों पर अभी तक आवश्यक कार्रवाई एवं निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक मनरेगा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों के सफल क्रियान्वयन में निरंतर योगदान दे रहे हैं, इसके बावजूद मानदेय भुगतान, लंबित ईपीएफ अंशदान, कार्य निष्पादन के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, चुनावी ड्यूटी के लंबित भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति, एनएमएमएस लॉगिन संबंधी अनियमितताओं तथा मानदेय भुगतान में पारदर्शिता जैसे विषय लंबित हैं। इससे ग्राम रोजगार सेवकों में असंतोष व्याप्त है और कार्य निष्पादन भी प्रभावित हो रहा है।
संघ ने मुख्य विकास अधिकारी से पूर्व में भेजे गए दोनों पत्रों में उल्लिखित समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कराते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा की गई कार्रवाई से संगठन को अवगत कराने का अनुरोध किया है। संगठन ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों की न्यायोचित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।