छह माह से खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट, समाजसेवी ने डीएम से की शिकायत
कौशाम्बी। विकास खण्ड कड़ा के नरसिंहपुर कछुआ गांव में शंकर जी मंदिर के पास जिला पंचायत की ओर से लगाई गई हाईमास्ट लाइट पिछले छह माह से खराब पड़ी है। इसको लेकर समाजसेवी संध्या शर्मा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर लाइट ठीक कराने की मांग की है।शिकायत पत्र के अनुसार, मंदिर के पास लगी हाईमास्ट लाइट खराब होने से परिसर में अंधेरा रहता है। संध्या शर्मा का आरोप है कि इस समस्या से जिला पंचायत वार्ड नंबर सात के संबंधित प्रतिनिधि और अधिकारियों को कई बार फोन के माध्यम से अवगत कराया गया। विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से भी समस्या उठाई गई, लेकिन अब तक लाइट की मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने मंदिर के आसपास अंधेरा रहने से चोरी की घटनाएं बढ़ने की बात भी कही है। संध्या शर्मा ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए खराब हाईमास्ट लाइट को जल्द ठीक कराने की मांग की है।