बिजली के पोल से टकराई कार,बाल- बाल बचा चालक;
औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत औरैया रोड पर एक तेज रफ्तार हुंडई वर्ना कार अनियंत्रित होकर सीमेंट के बिजली पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और पोल टूटकर कार के ऊपर झुक गया। कार पोल के सहारे अटक गई। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। कार संख्या यूपी 33 एएफ 9002 तेज गति से आ रही थी। बताया जा रहा है कि चालक को नींद आने से कार अनियंत्रित हो गई। हादसे में कार चालक को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार हटवाई। घटना का वीडियो वायरल होने पर बिजली विभाग के जेई अरुण कुमार ने बताया कि लाइन चालू रही थी, केवल खंभा क्षतिग्रस्त हुआ था, जिसे ठीक करा दिया गया है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।