बीएचईएल बना ऑल स्टार कॉरपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 का चैंपियन फाइनल में श्रीराम सेना को चार विकेट से हराया, जैद अली के ऑलराउंड प्रदर्शन और पुष्पेंद्र यादव के अर्धशतक ने दिलाई जीत
झाँसी। श्रीमती विद्यावती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा प्रस्तुत एवं ऑल स्टार क्रिकेट क्लब झाँसी के तत्वावधान में जीआईसी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी मैदान पर आयोजित ऑल स्टार कॉरपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 का भव्य समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में कप्तान विवेक तिवारी की अगुवाई वाली बीएचईएल ने श्रीराम सेना को चार विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीराम सेना ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 163 रन बनाए। रवि कुशवाहा ने 41 गेंदों पर 57 रन और मयंक शर्मा ने 36 रनों की पारी खेली। बीएचईएल की ओर से जैद अली ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएचईएल की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन पुष्पेंद्र यादव ने 50 रन और जैद अली ने 22 गेंदों पर 42 रनों की आक्रामक पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। अंत में देवेंद्र निरंजन ने नाबाद 20 रन बनाकर टीम को 19.1 ओवर में छह विकेट पर 167 रन तक पहुंचाया और चार विकेट से जीत दिलाई।
फाइनल मुकाबले की ट्रॉफी का अनावरण दैनिक जागरण के संपादक सुरेंद्र सिंह ने किया। वहीं समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में झाँसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार मुख्य अतिथि तथा भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अबू हसन अंसारी विशिष्ट अतिथि रहे। समारोह में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी करमवीर पटेल, संजीव वर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं खेल जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में रवि कुशवाहा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, विवेक तिवारी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, अभिषेक गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा देवयांश तिवारी को सर्वश्रेष्ठ फील्डर चुना गया। जैद अली को फाइनल का मैन ऑफ द मैच एवं पावर हिटर पुरस्कार मिला, जबकि रवि कुशवाहा को फाइटर ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा राहुल यादव, मयंक शर्मा, अकील अहमद, सार्थक शुक्ला और जेपी सिंह को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
विजेता बीएचईएल को 31 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता श्रीराम सेना को 25 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। टूर्नामेंट का कुल पुरस्कार पूल 2.50 लाख रुपये रखा गया था।
समापन समारोह में संचिता कथक नृत्य केंद्र की कथक प्रस्तुति, सैम डांस स्टूडियो के कलाकारों का नृत्य तथा लक्ष्मी व्यायाम मंदिर के कलाकारों का मल्लखंब प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहा। चीयरलीडर्स की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता में पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि, जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहित प्रशासनिक, पुलिस एवं न्यायिक अधिकारियों की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही।
आयोजन समिति के मानस मिश्रा, उत्कर्ष अग्रवाल, संजय कुशवाहा, राहुल कुशवाहा, कोमल कुशवाहा एवं अवनीश सचान ने अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रायोजकों, झाँसी जिला क्रिकेट एसोसिएशन, अंपायरों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य कॉरपोरेट जगत में खेल भावना, फिटनेस और आपसी समन्वय को बढ़ावा देना है।